Rajasthan Weather Today : राजस्थान में ‘आग उगल’ रहा सूरज! पारा 42°C पार, घर से निकलना हुआ खतरनाक
Rajasthan Weather Today: राजस्थान में अप्रैल में ही भीषण गर्मी का कहर जारी है. कई जिलों में तापमान 42°C पार पहुंच गया है और 20 से 23 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी है. हल्की बारिश की संभावना के बावजूद गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं.
Rajasthan Weather Update: अप्रैल का महीना अभी आधा ही बीता है लेकिन राजस्थान में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मरुधरा के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा है. सुबह से ही सूरज की तेज किरणें चुभने लगती हैं, वहीं, दोपहर होते-होते लू के थपेड़े लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर देते हैं. स्थिति यह है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे आमजन की परेशानी लगातार बढ़ रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में 20 से 22 अप्रैल तक तेज गर्मी का असर बना रहेगा. वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी इसी अवधि के दौरान गर्म हवाएं और अधिक तेज हो सकती हैं, जिससे लू चलने की प्रबल संभावना है. आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
अगर 19 अप्रैल के अधिकतम तापमान की बात करें तो राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. कोटा में सबसे अधिक 42.1°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि चित्तौड़गढ़ और चूरू में 42.0°C रहा. पिलानी में 41.7°C, वनस्थली में 41.6°C और अलवर में 41.5°C दर्ज किया गया. बाड़मेर में 41.4°C और बीकानेर व करौली में 41.0°C तापमान रहा. फतेहपुर और जयपुर में 40.5°C, डबोक में 40.2°C तथा जैसलमेर, जोधपुर और डूंगरपुर में 40.0°C दर्ज किया गया.
20 से 23 अप्रैल के बीच राज्य के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान कई क्षेत्रों में लू चलने के साथ-साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है. इन गतिविधियों के बावजूद तापमान में गिरावट की उम्मीद कम है. उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है.
vivo Y05 : 6500mAh बैटरी के साथ 12,999 रुपये में लॉन्च हुआ 8GB RAM की ताकत वाला सस्ता स्मार्टफोन
