PM Ujjwala Yojana 3.0 2026 : उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलेगा ₹300 DBT का लाभ, कितने सिलिंडरों पर मिलेगी सुविधा?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को पहले चार रिफिल पर प्रति सिलिंडर 300 रुपए का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) मिलेगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, उज्ज्वला योजना वाले एक आम परिवार में औसतन साल भार में लगभग चार रिफिल सिलिंडर की खपत होती थी। पहले PMUY लाभार्थियों को साल में 9 रिफिल पर DBT मिलता था।
सब्सिडी वाले LPG सिलिंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4
केंद्र सरकार ने सोमवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए सालाना मिलने वाले सब्सिडी वाले गैस सिलिंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार कर दी है।
सरकार का कहना है कि यह बदलाव परिवारों द्वारा औसतन इस्तेमाल की जाने वाली गैस की मात्रा को ध्यान में रखकर किया गया है।
2016 में हुई थी योजना की शुरूआत
मई 2016 में शुरू की गई इस प्रमुख योजना के तहत, लाभार्थियों को शुरू में हर साल 14.2 किलोग्राम वाले 12 सब्सिडी वाले LPG सिलिंडर मिलते थे। पिछले साल इस कोटे को घटाकर 9 सिलिंडर कर दिया गया था और अब इसे और कम करके चार कर दिया गया है।
उज्ज्वला लाभार्थियों के सालाना इस्तेमाल की मात्रा के अनुरूप फैसला
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के एडिशनल सेकेट्री प्रवीण मल खनूजा ने एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि सब्सिडी वाले सिलिंडरों की नई संख्या मोटे तौर पर उज्ज्वला लाभार्थियों द्वारा सालाना इस्तेमाल की जाने वाली गैस की औसत मात्रा के अनुरूप है।
