Rajasthan Weather Update : सुहाने मौसम को कहें अलविदा! 10 अप्रैल से साफ होगा मौसम, अगले 48 घंटों में फिर सताएगी भीषण गर्मी
Rajasthan Weather Update:– मरुधरा राजस्थान में इन दिनों मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं. एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर फलोदी में देखने को मिला, जहाँ रिकॉर्ड 42.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सीकर और नागौर जैसे जिलों में तूफानी हवाओं के साथ ओले गिरे, जिससे न केवल जनजीवन प्रभावित हुआ बल्कि खेतों में खड़ी फसलों को भी काफी नुकसान पहुँचा है. जैसलमेर के रामदेवरा जैसे रेगिस्तानी इलाकों में भी झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है.
सीकर जिले में बारिश का रौद्र रूप देखने को मिला. यहाँ के नवलगढ़ और पिपराली रोड जैसे इलाकों में सड़कों पर दो-दो फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित रहा. सीकर-झुंझुनूं बॉर्डर के पास स्थित कई गाँवों में भारी ओलावृष्टि से धरती सफेद चादर से ढक गई. इस अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण राज्य के लगभग सभी जिलों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. चित्तौड़गढ़ में जहाँ अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रहा, वहीं माउंट आबू में न्यूनतम पारा 15.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया.
तापमान का गणित: कहाँ कितनी रही गर्मी
मौसम विभाग की डेली डेटा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान में काफी अंतर देखा गया. जयपुर में पारा 28.5 डिग्री, अजमेर में 27.3 डिग्री और बीकानेर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जालोर में तापमान अभी भी 33 से 35 डिग्री के बीच बना हुआ है. राज्य में आर्द्रता (Humidity) की औसत मात्रा 30 से 60 प्रतिशत के मध्य रही, जिससे उमस भरी गर्मी का अहसास कम हुआ और मौसम सुहाना बना रहा.
इन जिलों में रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार अजमेर में 27.3 डिग्री, वनस्थली में 16.8 डिग्री, अलवर में 28.0 डिग्री, जयपुर में 28.5 डिग्री, पिलानी में 26.3 डिग्री, सीकर में 26.5 डिग्री, कोटा में 35.7 डिग्री, चित्तौडगढ में 36.6 डिग्री, बाड़मेर में 34.9 डिग्री, जैसलमेर में 30.4 डिग्री, जोधपुर में 30.4 डिग्री, फलोदी में 29.6 डिग्री, बीकानेर में 27.8 डिग्री, चूरू में 27.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 28.9 डिग्री, माउंट आबू में 24.1 डिग्री, नागौर में 27.7 डिग्री, डूंगरपुर में 32.3 डिग्री, जालौर में 33.5 डिग्री, सिरोही में 28.4 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 25.0 डिग्री, करौली में 31.1 डिग्री, दौसा में 28.4 डिग्री और झुंझुनूं में 25.8 डिग्री सेल्सियस अकतम दर्ज किया गया.
इन जिलों में रहा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को अजमेर में 18.4 डिग्री, वनस्थली में 16.8 डिग्री, अलवर में 19.0 डिग्री, जयपुर में 22.2 डिग्री, पिलानी में 18.4 डिग्री, सीकर में 18.5 डिग्री, कोटा में 21.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 23.8 डिग्री, बाड़मेर में 24.0 डिग्री, जैसलमेर में 19.9 डिग्री, जोधपुर में 19.5 डिग्री, माउंट आबू में 15.8 डिग्री, फलोदी में 23.6, बीकानेर में 17.4 डिग्री, चूरू में 19.6 डिग्री, श्री गंगानगर में 18.9 डिग्री, नागौर में 16.7 डिग्री, जालौर में 24.7 डिग्री, सिरोही में 18.2 डिग्री, सीकर के फतेहपुर 18.4 डिग्री, करौली में 18.9 डिग्री, दौसा में 18.5 डिग्री और झुंझुनूं में 20.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
10 अप्रैल से फिर तपेगा राजस्थान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस मजबूत वेदर सिस्टम का आंशिक असर 8 अप्रैल को भी बना रहेगा. आज विशेष रूप से भरतपुर और जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा. राहत की यह बात केवल कुछ घंटों की है, क्योंकि 9 अप्रैल से पूरे प्रदेश में आसमान साफ हो जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल से राज्य में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे एक बार फिर लू और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा.
किसानों की बढ़ी चिंता: फसल खराब होने का डर
जहाँ आम जनता के लिए यह सुहाना मौसम राहत लेकर आया है, वहीं किसानों के लिए यह ‘आफत की बारिश’ साबित हुई है. ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण कटाई के लिए तैयार फसलें खेतों में बिछ गई हैं. कृषि विभाग अब नुकसान का आकलन करने में जुटा है. विभाग ने सलाह दी है कि आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने वाला है, ऐसे में किसान अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें. 10 अप्रैल के बाद बढ़ते तापमान के कारण फसलों में सिंचाई प्रबंधन पर भी ध्यान देने की आवश्यकता होगी.
