Gold Silver Prices : अक्षय तृतीया (अखा तीज) से पहले ₹11800 उछली चांदी, ₹3000 बढ़ा सोने का भाव
Gold Silver Prices: अक्षय तृतीया से पहले सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल आया है। चांदी ₹11800 और सोना ₹3000 महंगा हुआ। ज्वेलर्स की बढ़ती खरीदारी से कीमतों को सपोर्ट मिला, जबकि ग्लोबल बाजार में दबाव बना हुआ है। जानिए डिटेल।
Table of Contents
Toggleअक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को चांदी ₹11,800 उछलकर ₹2.57 लाख प्रति किलो पहुंच गई। वहीं, सोना ₹3,000 बढ़कर ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम हो गया। इस तेजी के पीछे ज्वेलर्स और स्टॉकिस्ट्स की बढ़ती खरीदारी को वजह माना जा रहा है।
अक्षय तृतीया इस साल 19 अप्रैल को है और इसे सोना-चांदी खरीदने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे में त्योहार से पहले ही बाजार में खरीदारी तेज हो गई है, जिससे कीमतों को सहारा मिला है।
ज्वेलर्स की खरीद से सपोर्ट
ट्रेडर्स का कहना है कि मजबूत रिटेल डिमांड की उम्मीद में ज्वेलर्स और बड़े खरीदारों ने पहले से खरीदारी शुरू कर दी है। यही वजह है कि कीमतों में तेजी आई है।श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र के चेयरमैन चेतन ठाडेश्वर के मुताबिक, अक्षय तृतीया ज्वेलरी इंडस्ट्री के लिए सबसे अहम समय में से एक है। उन्होंने कहा कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों की दिलचस्पी बनी हुई है,
खासकर हल्की और डिजाइन आधारित ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों में गिरावट देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड करीब 1% गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, चांदी 1.2% गिरकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर रही।
अमेरिका-ईरान बातचीत का असर
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद से बाजार का माहौल थोड़ा बेहतर हुआ है। इससे ऊर्जा से जुड़ी महंगाई का डर कम हुआ है और कीमती धातुओं पर दबाव बना है। दोनों देशों के बीच अगली बातचीत की तैयारी चल रही है, क्योंकि पिछली बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था।
