Rajasthan Weather Update Today : राजस्थान में मौसम का ‘डबल अटैक’! आंधी और ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश की चेतावनी
Rajasthan Weather Update : राजस्थान में 4 अप्रैल को दोपहर तक मौसम बदला, कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना. 6-7 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ से मौसम और बिगड़ेगा. किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह.
राजस्थान में शनिवार, 4 अप्रैल को दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली. राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के कारण कई इलाकों में मौसम सक्रिय नजर आ रहा है. सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर होते-होते कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया. मौसम विभाग ने पहले ही इसके संकेत दिए थे, जो अब साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं.
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के करणपुर में 11.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि पूर्वी राजस्थान के उदयपुर जिले के कोटड़ा में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बदला, जिससे तापमान में भी गिरावट महसूस की गई.
Diesel Price Hike : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी, 11 रुपए लीटर तक बढ़ गए दाम
दोपहर के समय जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में मौसम काफी सक्रिय बना हुआ है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और मेघगर्जन की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
वहीं दूसरी ओर बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आज दोपहर तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन यहां फिलहाल तेज मौसम गतिविधियों की संभावना कम है. तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखी जा रही है, जिससे गर्मी का असर बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल को एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसका असर खासकर जोधपुर और बीकानेर संभाग में दोपहर बाद देखने को मिल सकता है. इस दौरान फिर से तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम एक बार फिर बदल सकता है.
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी जरूरी सलाह जारी की है. खुले में रखी फसलें, अनाज और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने या ढककर रखने को कहा गया है, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके. 8 अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.
