PM Suryaghar Yojana : सोलर पैनल लगाने पर मिलेगी 78 हजार की सब्सिडी, 5 साल तक का मेंटिनेंस फ्री
PM Suryaghar Yojana : जानकारी
शनिवार को पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड कार्यालय के सभा कक्ष में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने की। योजना के जीआरएम साकेत सिंह ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के संयुक्त सहयोग से चलाई जा रही है। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए ग्राम भारत इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत एजेंसी के रूप में चुना गया है।
PM Suryaghar Yojana : 78,000 रुपये तक की सब्सिडी
यह एजेंसी गांव और शहर दोनों क्षेत्रों में सोलर सिस्टम लगाने के लिए अधिकृत है। यह घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के यहां भी स्थापित कर सकती है। घर के लिए सोलर सिस्टम लगवाने पर भारत सरकार की ओर से अधिकतम 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। यह राशि सिस्टम लगने के 14 दिनों के अंदर सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी। तीन किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए आधार और पैन कार्ड के आधार पर लोन भी मिल सकेगा। इसके लिए आय प्रमाण पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी। लोन पर सालाना 6 प्रतिशत ब्याज देना होगा। इस संबंध में सभी बैंकों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
PM Suryaghar Yojana : पांच साल तक एजेंसी देगी मुफ्त रखरखाव की सुविधा
बैठक में बताया गया कि सोलर पैनलों पर 25 साल की वारंटी मिलेगी, जबकि सोलर इनवर्टर पर 8 साल की गारंटी रहेगी। एजेंसी पहले पांच वर्षों तक बिना किसी शुल्क के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी निभाएगी। बीडीओ संजीव कुमार, अंचलाधिकारी नितेश कुमार सेठ और बीपीआरओ सोनाली गुप्ता ने पात्र लाभार्थियों की पहचान की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन और स्वीकृति से जुड़ी पूरी जानकारी भी दी। बिजली विभाग के जेई संजय कुमार सिंह और संजय कुमार शर्मा ने कहा कि सोलर सिस्टम तय तकनीकी मानकों के अनुसार ही लगाए जाने चाहिए। बैठक में मुखिया, जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और वार्ड सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई।
