Ayushman Card Update : काम की बात : आयुष्मान कार्ड से मिलेगा 10 लाख रुपये तक का FREE इलाज? कैसे बनवाएं कार्ड और कैसे उठाएं फायदा
संसदीय समिति ने आयुष्मान भारत योजना के साथ स्वास्थ्य कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की सिफारिश की है। जानिए अभी क्या नियम हैं, आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाएं और मुफ्त इलाज का फायदा कैसे लें।
2 लाख की डाउन पेमेंट पर Mahindra Scorpio N खरीदें तो हर महीने कितनी बनेगी EMI? जानें हिसाब
अगर आपके पास अब तक आयुष्मान कार्ड नहीं है, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। हाल ही में संसद की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी स्थायी समिति ने केंद्र सरकार को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के साथ मिलने वाले स्वास्थ्य बीमा कवर को मौजूदा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये प्रति परिवार प्रति वर्ष करने की सिफारिश की है। हालांकि, यह फिलहाल सिर्फ एक प्रस्ताव है और सरकार ने इसे अभी लागू नहीं किया है। अभी पात्र परिवारों को योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है।
अगर भविष्य में सरकार इस सिफारिश को मंजूरी देती है, तो लाखों परिवारों को महंगे इलाज के लिए पहले से दोगुना कवरेज मिल सकता है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, उनके लिए यह जानना जरूरी है कि यह कार्ड कैसे बनता है और इसका फायदा कैसे लिया जा सकता है।
आयुष्मान कार्ड क्या है?
आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए जारी किया जाने वाला डिजिटल हेल्थ कार्ड है। इसकी मदद से एलिजिबल परिवार देशभर के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकते हैं। कार्ड में लाभार्थी की पहचान और योजना से जुड़ी जानकारी दर्ज होती है।
कौन बनवा सकता है आयुष्मान कार्ड?
यह योजना सभी लोगों के लिए नहीं है। इसका लाभ केवल उन परिवारों को मिलता है जो सरकार की ओर से तय एलिजिबिलिटी रूल्स में आते हैं। अगर आपका नाम योजना की लाभार्थी सूची में है, तभी आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
ऐसे चेक करें कि आप पात्र हैं या नहीं
सबसे पहले आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट या Ayushman App पर जाएं। वहां मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें और OTP दर्ज करें। इसके बाद अपना राज्य चुनें और आधार नंबर, फैमिली आईडी या अन्य उपलब्ध विकल्प से खोजकर देखें कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं।
ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
अगर आपका नाम लाभार्थी सूची में है, तो कार्ड बनवाने का प्रोसेस काफी आसान है।
- Ayushman App डाउनलोड करें या आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- मोबाइल नंबर से लॉगिन करें।
- OTP के जरिए पहचान वेरिफाइ करें।
- अपना लाभार्थी रिकॉर्ड चुनें।
- आधार आधारित eKYC पूरा करें।
- जरूरत पड़ने पर लाइव फोटो और अन्य जरूरी जानकारी अपडेट करें।
- वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आपका आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाएगा।
- इसके बाद कार्ड को PDF के रूप में डाउनलोड भी किया जा सकता है।
अस्पताल में कैसे मिलेगा मुफ्त इलाज?
इलाज के लिए सबसे पहले यह तय करें कि अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से जुड़ा हुआ है। अस्पताल पहुंचने पर आयुष्मान कार्ड और पहचान पत्र दिखाएं। अस्पताल आपकी एलिजिबिलिटी की जांच करेगा और इलाज के लिए मंजूरी मिलने के बाद योजना के तहत कवर होने वाली सेवाओं का कैशलेस इलाज मिलेगा। ऐसे मामलों में मरीज को इलाज के लिए अलग से पेमेंट नहीं करना पड़ता।
किन बीमारियों का मिलता है लाभ?
योजना के साथ हजारों मेडिकल प्रोसेस कवर किए जाते हैं। इनमें हार्ट से जुड़ी सर्जरी, कैंसर का इलाज, किडनी से संबंधित उपचार, न्यूरो सर्जरी, ऑर्थोपेडिक सर्जरी, ICU में भर्ती और कई अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है। कौन-सा इलाज कवर होगा, यह योजना के पैकेज और अस्पताल पर निर्भर करता है।
अभी क्या है नियम?
फिलहाल आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का एनुअल कैशलेस हेल्थ कवर मिलता है। 10 लाख रुपये का कवर अभी लागू नहीं हुआ है। यह संसदीय समिति की सिफारिश है और इसे लागू करने का आखिरी फैसला केंद्र सरकार को लेना है। अगर सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो योजना के लाभार्थियों के लिए यह एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
